Garhwa News: दिवाली की रौनक में मिठास घोलने वाली मिठाइयों पर इस बार गढ़वा में कड़ाई से निगरानी की गई. त्योहार के माहौल में जहां बाजार रोशनी और खरीदारी से भरे थे, वहीं खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मिलावटखोरों की बड़ी साजिश को बेनकाब कर दिया. दो अलग-अलग मिठाई कारखानों पर छापेमारी कर कुल 1230 किलो संदिग्ध और मिलावटी मिठाई जब्त की गई.
सोनपुरवा में छापा, बिना लाइसेंस चल रहा था मिठाई कारखाना
सुबह करीब 10 बजे खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीप श्री की टीम सोनपुरवा इलाके में पहुंची, जहां कुंदन साव का मिठाई कारखाना संचालित हो रहा था. बाहर से साधारण दिखने वाली यह जगह अंदर से गंदगी और अव्यवस्था का अड्डा मिली. फर्श पर फैला दूषित बेसन, बदबूदार तेल और दीवारों पर गंदगी साफ संकेत दे रही थी कि यहां खाद्य मानकों की अनदेखी की जा रही है. टीम ने जब लाइसेंस मांगा तो कुछ भी प्रस्तुत नहीं किया जा सका. यह भी पाया गया कि लड्डू बनाने में संदिग्ध केमिकल का इस्तेमाल किया जा रहा था.
पहली कार्रवाई के बाद टीम कल्याणपुर, जुटी मोड़ पहुंची. यहां फाल्गुनी यादव बिना किसी वैध लाइसेंस के मिठाई तैयार कर रहा था. जांच में सामने आया कि वह पुरानी मिठाई के डिब्बों को साफ किए बिना ही उनमें नई मिठाई पैक कर बाजार में सप्लाई कर रहा था. कुछ डिब्बों पर पुराने ब्रांड नाम भी मौजूद थे, जिनसे ग्राहकों को धोखा दिया जा रहा था. साफ-सफाई का अभाव और मिलावट के संकेत मिलने पर पूरी मिठाई को जब्त कर लिया गया.
1230 किलो मिठाई जब्त, सैंपल जांच को भेजे गए
दोनों स्थानों से कुल 1230 किलो मिठाई जब्त की गई. सैंपल लेकर उन्हें प्रयोगशाला भेजा गया है. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीप श्री ने कहा कि यह सिर्फ मिलावट नहीं बल्कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ है. त्योहार में बढ़ती मांग का गलत फायदा उठाकर ऐसे कारोबारी धीमा जहर परोस रहे हैं.
सख्त निर्देश और चेतावनी
निरीक्षण में पाया गया कि कई प्रतिष्ठान बिना लाइसेंस संचालन कर रहे थे. ऐसे सभी को नोटिस जारी किया गया है और साफ निर्देश दिया गया है कि अब किसी भी मिठाई कारोबारी को बिना लाइसेंस या स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पर बख्शा नहीं जाएगा. आगे ऐसी स्थिति मिलने पर सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस अभियान में विवेक तिवारी, संतोष कुमार और बबलू पांडे भी शामिल रहे.
जागरूक रहें, सुरक्षित त्योहार मनाएं
स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों में मिठाई खरीदते समय प्रतिष्ठान और गुणवत्ता पर ध्यान दें. सस्ती और बिना पैकिंग की मिठाइयों से बचें. मिलावटी खाद्य पदार्थ सिर्फ स्वाद नहीं बिगाड़ते, बल्कि गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं. त्योहार की असली खुशी तभी है जब सेहत सुरक्षित रहे और मिठास ईमानदार हो.