Ranchi: रांची के रेल यात्रियों के लिए भविष्य में वंदे भारत ट्रेन मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने छह अलग-अलग मार्गों पर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। यह प्रस्ताव दक्षिण पूर्व रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति की मांगों के आधार पर तैयार किया गया है।
पत्र लिखकर इन मांगों की जानकारी दी गई
जोनल रेलवे द्वारा फरवरी और अक्टूबर माह में दो बार रेलवे बोर्ड को पत्र लिखकर इन मांगों की जानकारी दी गई। जिन मार्गों पर ट्रेन चलाने की बात सामने आई है उनमें रांची-रायपुर, रांची-राउरकेला, रांची-बेंगलुरु और रांची-पुणे (पनवेल मार्ग से) शामिल हैं। इसके अलावा रांची से नई दिल्ली और रांची-एलटीटी के बीच स्लीपर वंदे भारत चलाने का भी सुझाव दिया गया है।
राज्य मंत्री संजय सेठ पहले ही कर चुके
इधर, रांची से पुरी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की घोषणा रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ पहले ही कर चुके हैं, लेकिन फिलहाल इस ट्रेन का परिचालन ठहर गया है। ऐसे में नई वंदे भारत की संभावनाओं से यात्रियों में उत्साह है। माना जा रहा है कि रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने पर इनमें से कुछ मार्गों पर जल्द ही रांची को नई वंदे भारत एक्सप्रेस की सुविधा मिल सकती है।
रांची-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन के लिए रूट निर्धारित
रांची-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन के लिए रूट निर्धारित हो चुका है और इसकी जानकारी भी रेलवे बोर्ड को भेज दी गई है। वहीं हावड़ा-राउरकेला और हटिया-रायपुर मार्ग पर भी दो बार सुझाव भेजे गए हैं। रांची-बेंगलुरु, हटिया-पुणे और रांची-दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत शुरू करने को रेलवे ने नीतिगत मामला बताया है।