Saraikela: सरायकेला जिले के कपाली ओपी इलाके में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। अभी ताज़ा मामला कपाली के गौसनगर की है, जहां मंगलवार तड़के करीब 4 बजे चोरों ने सुनसान पड़े एक घर को अपना निशाना बनाया।
खाली घर देख चोरों ने किया हाथ साफ
जिस घर में चोरी हुई वह मोहम्मद नसीम अंसारी की है। उनकी समधन साबरा खातून ने बताया कि पूरा परिवार 3 नवंबर की रात बारात में शामिल होने के लिए राउरकेला गया हुआ था। परिवार के जाते ही घर को खाली पाकर चोरों ने मौके का फायदा उठाया और ताले को तोड़कर घर के अंदर घुस गए।
चोरी किए गए सामान
घर के अंदर रखी अलमारी को खंगालकर चोर ने तीन सोने की फुल्ली, तीन-चार गुल्लक, एक मोबाइल फोन, एक टैब समेत करीब 40-50 हज़ार रुपये के सामान उड़ा ले गए। सिर्फ इतना ही नहीं, घर के आंगन में रहने वाले दो किरायेदारों को चोरों ने बाहर से ताला लगाकर बंद कर दिया, ताकि किसी को कुछ पता न चले। जब सुबह किरायेदार अपने कमरे से बाहर निकलना चाहते थे तो दरवाज़े पर ताला देखकर घबरा गए। किसी तरह उन्होंने नसीम अंसारी के भाई अफरोज को फोन कर सूचना दी। जिन्होंने मौके पर पहुंचकर कपाली ओपी को खबर दी.
पुलिस की जांच
पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। लेकिन लगातार हो रही ऐसी चोरी से इलाके में डर का माहौल उत्पन्न हो गया है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।