Jamshedpur: जमशेदपुर मानगो के शंकोसाई क्षेत्र में बुधवार को 15 लोगों को घायल करने वाला बेकाबू सांड़ ने गुरुवार सुबह एक महिला की जान ले ली। मृतका की पहचान 61 वर्षीय माला सरकार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम टाटा जूलॉजिकल पार्क की टीम ने उग्र सांड़ को ट्रैंक्यूलाइज कर बेहोश किया था, लेकिन अंधेरे में उसे सुरक्षित ले जाया नहीं जा सका।
सांड ने माला सरकार को पटककर मार डाला
जिसके बाद रातभर वह उसी इलाके में बेहोश पड़ा रहा। गुरुवार की सुबह होश आने के बाद अचानक वह फिर उग्र हो गया और गौड़ बस्ती की ओर भागा, जहाँ सांड ने माला सरकार को पटककर मार डाला। घायल महिला को आनन-फानन में टीएमएच ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में फिर से दहशत फैल गई है।
टाटा जू की टीम ने सांड़ को ट्रैंक्यूलाइज किया
टाटा जू की टीम ने दोबारा मौके पर पहुंचकर सांड़ को ट्रैंक्यूलाइज किया और उसे जू अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। बुधवार की घटना में घायल सभी 15 लोगों का एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल को टीएमएच में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम और प्रशासन की लापरवाही पर कड़ा रोष जताते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो यह मौत टाली जा सकती थी।