Adityapur: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 18 और 14 के निवर्तमान पार्षदों ने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता से मुलाकात कर अपनी वार्ड की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। वार्ड 18 के निवर्तमान पार्षद रंजन सिंह ने बताया कि नेताजी सुभाष पार्क के ऊपर से खुला तार गया हुआ है, जिसे हटाने की मांग की गई है। कार्यपालक अभियंता ने जल्द से जल्द इसका निवारण करने का आश्वासन दिया है।
वार्ड 14 के निवर्तमान पार्षद बैजू राम हसदा ने बताया कि निर्मल नगर और त्रिपुरा कॉलोनी के समीप बिजली के तारों को बांस बल्ली के सहारे ले जाया गया है, जिससे कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है। कार्यपालक अभियंता ने इस समस्या का जल्द से जल्द निवारण करने का आश्वासन दिया है।
बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता संदीप पासवान ने बताया कि वार्ड नंबर 14 से आवेदन आया है, जिसे प्राथमिकता देते हुए त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया कि आरडीएसएस स्किम के तहत योजना आई है, जिसमें एलटी बेयर कंडक्टर को बदला जाना है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिस भी क्षेत्र में बासंबल्ली एवं अन्य तरह की समस्या बिजली को लेकर हो रही है तो वह बिजली विभाग से संपर्क करें। उनके आवेदन को प्राथमिकता देते हुए त्वरित समाधान किया जाएगा।