Jharkhand Sports News: झारखंड के लिए यह गर्व का क्षण है जब राज्य के तीन दिव्यांग क्रिकेटर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं. श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में 13 से 17 नवंबर 2025 तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट में झारखंड के तीन खिलाड़ी टीम इंडिया का हिस्सा होंगे.
भारत की टीम में झारखंड के अतहर अली (रामगढ़), महावीर मोदी (बोकारो) और नाजिर (साहेबगंज) का चयन किया गया है. तीनों खिलाड़ी आज रांची स्टेशन से रवाना होकर पहले चेन्नई जाएंगे, जहां से वे श्रीलंका के लिए उड़ान भरेंगे.
टीम चयन की खबर मिलते ही पूरे राज्य में खुशी की लहर दौड़ गई है. खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने इन खिलाड़ियों को बधाई दी है. लोगों ने उम्मीद जताई है कि झारखंड के ये तीनों सितारे श्रीलंका की धरती पर भारत का तिरंगा ऊंचा लहराएंगे.
इन खिलाड़ियों की मेहनत, संघर्ष और जज़्बा आज झारखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है. दिव्यांगता के बावजूद खेल के प्रति समर्पण और अनुशासन ने इन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है.
झारखंड से तीन दिव्यांग खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन यह दर्शाता है कि राज्य की प्रतिभा केवल संसाधनों पर नहीं, बल्कि जुनून और दृढ़ इच्छाशक्ति पर निर्भर है. जहां अक्सर खेल सुविधाओं की कमी की शिकायत होती है, वहीं इन खिलाड़ियों ने साबित किया है कि सच्ची लगन किसी भी बाधा को पार कर सकती है. यह सफलता न सिर्फ राज्य के खेल जगत के लिए बल्कि समाज के लिए भी एक बड़ा संदेश है कि दिव्यांगता कमजोरी नहीं, बल्कि एक नई ताकत की पहचान हो सकती है.