Jamshedpur: जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार (डीसी ऑफिस) में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी तथा वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय की संयुक्त अध्यक्षता में मतगणना दिवस की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना कार्य पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुव्यवस्था के साथ संपन्न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक मतगणना टेबल पर प्रशिक्षित कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाए तथा पर्यवेक्षकों और सहायक अधिकारियों की उपस्थिति हर समय बनी रहे। मतगणना स्थल की वीडियोग्राफी, कंट्रोल रूम से निरंतर निगरानी, और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष बल दिया गया।
उन्होंने स्ट्रॉन्ग रूम से ईवीएम की सुरक्षित निकासी, मतगणना हॉल में टेबलों की संख्या, राउंडवार गणना प्रक्रिया और परिणाम संप्रेषण प्रणाली पर भी विस्तृत चर्चा की। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि डाक मतपत्र (Postal Ballot) और ETPBS मतों की गणना निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप ही की जाए।
डीसी ने सभी टेबलों पर पर्याप्त प्रकाश, संचार सुविधा और नियंत्रण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि मतगणना प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के पूरी हो सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने को-ऑपरेटिव कॉलेज परिसर स्थित मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कहा कि पूरे परिसर में पुख्ता सुरक्षा इंतज़ाम किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना वैध पास के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
बैठक में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) भगीरथ प्रसाद, निर्वाची पदाधिकारी घाटशिला सुनील चन्द्र, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस बार लगभग 20 राउंड में मतगणना पूरी होगी और सुबह 9 बजे से शुरुआती रुझान आने लगेंगे।
घाटशिला सीट पर बढ़ी धड़कनें, दोनों प्रमुख प्रत्याशियों ने जताया जीत का विश्वास
घाटशिला विधानसभा सीट से कुल 13 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी धड़कनें अब तेज़ हैं।
भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने दावा किया कि इस बार घाटशिला से भाजपा रिकॉर्ड मतों से ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि जनता के प्रति उनकी सेवा भावना ही उनकी जीत की कुंजी बनेगी।
सोरेन ने कहा कि वे मतगणना दिवस की सुबह से ही को-ऑपरेटिव कॉलेज परिसर में रहेंगे ताकि कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया जा सके। जीत सुनिश्चित होने के बाद वे जनता और मीडिया के प्रति आभार व्यक्त करेंगे तथा जश्न की तैयारी करेंगे।
वहीं झामुमो प्रत्याशी और स्वर्गीय रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन ने भी अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि वे अपने पिता के अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए जनता से आशीर्वाद मांग रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता इस बार भी झामुमो पर भरोसा जताएगी।