Jamshedpur : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में करोड़ों की ठगी के मामले में सात वर्ष से फरार चल रहे आरोपी कौशल तिवारी के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। न्यायालय के आदेश पर शनिवार को अधिकारियों की टीम आरोपी के घर पहुंची और ढोल-नगाड़ा (डुग्गी) बजाकर इश्तेहार चस्पा किया। इश्तेहार में कौशल तिवारी को एक महीने के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अगर तय समय सीमा के भीतर आरोपी सरेंडर नहीं करता है, तो उसकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
मामले की पृष्ठभूमि
साल 2018 में शंकर तिवारी एवं उसके दो पुत्रों, पंकज तिवारी और कौशल तिवारी उर्फ बब्बुल पर जमीन खरीद-फरोख्त और अन्य कार्यों के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगा था। पीड़ितों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
शंकर तिवारी और पंकज तिवारी को मामले में जमानत मिल चुकी है, लेकिन कौशल तिवारी पिछले सात वर्षों से फरारी काट रहा है। न्यायालय ने उसकी लगातार गैरहाजिरी पर सख्त रुख अपनाते हुए आत्मसमर्पण का आदेश दिया था। इसी के अनुपालन में पुलिस ने इश्तेहार चस्पा कर कार्रवाई को आगे बढ़ाया है।
कौशल तिवारी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।