Adityapur: आदित्यपुर स्थित ऑटो क्लस्टर सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में "कौशल पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करना एवं उद्योग सहभागिता" विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के युवाओं के कौशल उन्नयन और स्थानीय औद्योगिक इकाइयों के साथ रोजगारपरक सहयोग बढ़ाना था।
कार्यशाला में विशेषज्ञ वक्ताओं ने उद्योग आधारित कौशल मांग, तकनीकी बदलाव, प्रशिक्षण संस्थानों की भूमिका और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विचार रखे। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी प्रशिक्षण केंद्र, महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक और आईटीआई स्थानीय उद्योगों की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षण दें और आधुनिक तकनीक को पाठ्यक्रम में शामिल करें। युवाओं को औद्योगिक परिसरों और उत्कृष्ट संस्थानों का भ्रमण कराकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन नियमित प्लेसमेंट कैंप लगाएगा ताकि स्थानीय युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिले। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से सुझाव मांगे, जिनमें प्रशिक्षण गुणवत्ता, उद्योग-संस्थान समन्वय, तकनीकी उन्नयन और रोजगार मेलों पर चर्चा हुई। सभी सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए आयोजन टीम को धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में सरायकेला श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर, जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक टोपनो, एशिया अध्यक्ष, इसरो अध्यक्ष और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद थे।