Jamshedpur : सोनारी थाना में सोमवार रात दो व्यापारियों ने ऐसा हंगामा खड़ा किया कि कुछ मिनटों के लिए पूरा थाना परिसर गर्मा गया। हालांकि सोनारी पुलिस की सख्ती और तत्परता ने हालात जल्द ही काबू में कर लिए, और दोनों की हेकड़ी थाने की कुर्सी पर बैठते-बैठते ही गायब हो गई।
जुगसलाई निवासी आनंद प्रकाश और सोनारी निवासी संगम अग्रवाल सफेद फॉर्च्यूनर (JH05 DG 7727) में सवार होकर थाने पहुंचे। उनकी एंट्री भी ऐसी थी मानो थाना उनका निजी ऑफिस हो।
पैरवी करने के नाम पर शुरू हुआ उनका ड्रामा जल्द ही बदतमीजी में बदल गया। सूत्रों के अनुसार दोनों नशे में थे और थाने के कर्मचारियों तथा थाना प्रभारी के साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। धमकी भरी बातें भी कीं, लेकिन पुलिस ने तुरंत स्थिति संभालते हुए स्पष्ट कर दिया कि यहाँ न कोई रौब चलता है, न कोई दबाव… सिर्फ कानून बोलता है।
पुलिस ने दोनों व्यापारियों को वहीं बैठा दिया, और कुछ ही देर में उनकी “VIP वाली अकड़” पूरी तरह ढहने लगी। इस बीच स्थानीय विधायक के कुछ नेता एवं कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए, जैसे किसी ने बिना बुलाए मेहमानों को निमंत्रण दे दिया हो। लेकिन पुलिस की सख्त एवं संतुलित भूमिका ने सभी को शांत करा दिया।
खबर लिखे जाने तक दोनों व्यापारियों को सोनारी थाना में ही बैठाकर रखा गया था और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।