Jamshedpur: बिष्टुपुर स्थित एक एटीएम में 19 नवंबर की शाम एक प्रेरणादायक घटना सामने आई। जहां उज्ज्वल कुमार पाती पैसे निकलने एटीएम पहुंचे थे, लेकिन उनके पास से 50 हजार रुपए नीचे गिर गए। उन्हें इस बात का बिल्कुल भी अंदाज़ा नहीं हुआ और वह एटीएम से बाहर निकल गए।
इसी समय ड्यूटी पर मौजूद कांस्टेबल शंकर कुमार की नजर अचानक जमीन पर पड़े नोटों के बंडल पर पड़ी। उन्होंने लालच न दिखाकर तुरंत ही रुपये उठाकर सुरक्षित रख लिया। ईमानदारी का परिचय देते हुए वह सीधे सिटी एसपी कार्यालय पहुंच गए और पूरी घटना के बारे में पुलिस को बताया।
जिसके बाद पुलिस ने एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच शुरू की। बैंक से भी लेन–देन की जानकारी प्राप्त की गई। जांच के दौरान पता चला को यह राशि उज्ज्वल कुमार पाती की है। पुलिस ने उनसे संपर्क किया और शुक्रवार को उन्हें सिटी एसपी कार्यालय बुलाया गया।
कार्यालय पहुंचने पर उज्ज्वल कुमार पाती को पूरी 50 हजार रुपये की रकम सम्मानपूर्वक लौटा दी गई। कांस्टेबल शंकर कुमार की इस ईमानदारी पर पुलिस प्रशासन ने उन्हें पुरस्कृत किया है। यह घटना केवल समाज के लिए एक सुंदर संदेश ही नहीं देती बल्कि यह भी साबित करती है कि आज भी लोगों में ईमानदारी ज़िंदा है।