गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिला के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत रापचा पंचायत के मौजा पिंड्रपड़ा में रविवार को जयराज नगर का नामकरण कार्यक्रम हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में सांसद जोबा माझी शामिल हुईं। सांसद ने जयराज नगर के नामकरण बोर्ड का फीता काटकर उद्घाटन किया और इसके साथ ही एक नये ट्रांसफार्मर का भी उद्घाटन किया।
मालूम हो कि सांसद के प्रयास से जयराज नगर में नया ट्रांसफार्मर एवं पोल लगाए गए हैं। नामकरण कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने सांसद के समक्ष बस्ती के अंदर पक्की सड़क, आसपास की कंपनियों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण और अन्य समस्याओं के समाधान की अपील करते हुए ज्ञापन सौंपा।
सांसद ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "जयराज नगर का नामकरण केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अंचल कार्यालय से समन्वय स्थापित करते हुए इसे मान्यता प्राप्त करने का भी प्रयास होना चाहिए।" उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि अलग-अलग पार्ट में बस्ती में पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा और अन्य समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
इस मौके पर जयराज नगर के लोगों ने सांसद को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में रापचा के पूर्व मुखिया जवाहरलाल महाली, झामुमो के जिला सचिव वैद्यनाथ टुडू, पश्चिम सिंहभूम झामुमो के जिला सचिव राहुल आदित्य, समाजसेवी कालीपद सोरेन, जयराज नगर विकास समिति के रामजी सिंहदेव, सुग्रीव मुखी, विजय कुमार और अन्य लोग उपस्थित रहे।