Ramgarh: रामगढ़ के सिद्धो कान्हू मैदान में बीजेपी सांसद मनीष जायसवाल की अनूठी पहल पर सांसद सामूहिक विवाह उत्सव भव्य रूप से आयोजित होगा. यह कार्यक्रम लगातार तीसरी बार आयोजित हो रहा है और इस बार भी 101 निर्धन बेटियों के सपनों को नई उड़ान मिलने जा रही है.सांसद मनीष जायसवाल ने इस सेवा कार्य की शुरुआत साल 2024 में की थी, जब हजारीबाग के डीपीएस स्कूल में 25 गरीब बेटियों का विवाह कराया गया था. उसके बाद 2025 में कंचन ग्राउंड में 101 असहाय बेटियों का विवाह कराया गया था.
अब 2026 का समारोह, रामगढ़ की धरती पर होने जा रहा है. शहर में उत्साह और उमंग का वातावरण है. सिद्धो–कान्हू मैदान को दुल्हन की तरह सजाने की तैयारी चल रही है. पूरा मैदान पारंपरिक थीम, रोशनी, रंगीन कलाकृतियों और आकर्षक पंडालों से सजकर एक भव्य विवाह स्थल में तब्दील किया जाएगा.
बीजेपी सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि सेवा का कोई अंत नहीं होता. सेवा की तारीखें दर्ज नहीं होती, यह कब शुरू हुई, याद रहती है लेकिन समाप्त कब होगी? यह कहना थोड़ा मुश्किल है. जब तक प्रभु श्रीराम और जनता का आशीर्वाद मिलता रहेगा, सेवा का प्रवाह सतत जारी रहेगा. रामगढ़ इस साल एक नए इतिहास का साक्षी बनने जा रहा है.
8 फरवरी 2026 वह दिन होगा, जब 101 बेटियों के जीवन में खुशियों की नई सुबह होगी.रामगढ़ के फुटबॉल ग्राउंड से 101 लड़कों की बारात निकलेगी, जो गाजे बाजे और आतिशबाजी के साथ रामगढ़ के सिद्धो कान्हू ग्राउंड पहुंचेगी, जहां पर 101 दूल्हे अपनी होने वाली अर्द्धांगिनी से मिलेंगे और शादी संपन्न कराई जाएगी.
रजिस्ट्रेशन के लिए हजारीबाग सांसद कार्यालय और रामगढ़ में बनाए गए रजिस्ट्रेशन कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है, जहां वैसे परिवार को तवज्जो दी जा रही है जो आर्थिक रूप से बहुत कमजोर है या दिव्यांग हैं या जिनके माता-पिता नहीं हैं या लड़कियों में जिसके पिता नहीं हैं.