Jharkhnad News: गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र के बेता गांव में देर रात जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई. गांव की मानती देवी तुरीमुंडा गांव में शादी के तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रही थीं. रात में पगडंडी से गुजरते समय धान की क्यारी के पास मौजूद एक अकेला हाथी अचानक सामने आ गया. अंधेरा होने की वजह से महिला उसे देख नहीं सकीं. हाथी भड़क गया और उसने महिला को पटक कर कुचल दिया. मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम रात में ही मौके पर पहुंची. शव की स्थिति अत्यंत क्षतिग्रस्त थी जिसे एक चादर में समेटकर चिनिया वन कार्यालय लाया गया. इसके बाद पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया. घटना के बाद परिवार का रो रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है. इलाके में हाथियों की लगातार गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है.
गढ़वा की यह घटना बार बार दोहराई जा रही मानव वन्यजीव टकराव की समस्या को फिर उजागर करती है. हाथियों के लगातार गांवों की ओर आने से ग्रामीणों की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती बन गई है. वन विभाग की त्वरित कार्रवाई के बावजूद समाधान तब तक संभव नहीं जब तक हाथियों के आवागमन वाले इलाकों में दीर्घकालिक योजना नहीं बनाई जाए.