चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत रविवार को आरपीएफ उड़नदस्ता दल और जीआरपी टाटानगर की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने टाटानगर रेलवे स्टेशन से एक गांजा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के बैग से 17 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उदय कुमार उर्फ मंटू, निवासी हरिहरगंज (जिला पलामू) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी यह माल ओडिशा के जरपाड़ा रेलवे स्टेशन से लेकर आ रहा था और टाटानगर पहुंचने के बाद बस से इसे डाल्टनगंज भेजने की योजना बना रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ और जीआरपी ने स्टेशन परिसर के प्रवेश द्वार, वेटिंग हॉल तथा प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 5 तक विशेष निगरानी बढ़ा दी थी। इसी दौरान टीम ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर उदय कुमार को रोका। तलाशी के दौरान उसके बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
जिसके बाद आरोपी से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले कई महीनों से तस्करी के धंधे में शामिल है और बरामद की गई खेप स्थानीय सप्लायरों तक पहुंचाई जानी थी। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), रेल जमशेदपुर के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रेन से उतरने के बाद बस पकड़ने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। प्रारंभिक पूछताछ में कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रेल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रेल मंडल में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी को रोकने के लिए अभियान और भी तेज किया जाएगा तथा ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।