Seraikela News: रविवार को परिसदन में खरसावां विधानसभा क्षेत्र के गम्हरिया प्रखंड भाग-2 और सरायकेला प्रखंड भाग-2 की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में खरसावां विधायक दशरथ गगराई उपस्थित रहे.
बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सशक्त, सक्रिय और संगठित बनाना था. इसमें प्रखंड कमेटी के विस्तार, वर्ग संगठनों के पुनर्गठन और आने वाले महीनों में चलने वाले संगठनात्मक अभियानों पर विस्तार से चर्चा हुई. बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और गांव-गांव जनसंपर्क तेज करने के प्रस्ताव पारित किए गए.
इस दौरान निशांत साहू, सिकंदर कुमार महतो, अमित मुखी और बलराम सरदार ने भारतीय जनता पार्टी छोड़कर झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की. जिला अध्यक्ष और विधायक ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि इनके जुड़ने से संगठन और मजबूत होगा.
विधायक दशरथ गगराई ने कहा कि झामुमो संघर्ष और तपस्या से निकली पार्टी है और कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देने और सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया. डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि यह बैठक संगठन सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
सरायकेला प्रखंड भाग-2 के विभिन्न वर्ग संगठनों की प्रखंड स्तरीय कमेटी का गठन किया गया, जिसमें युवा मोर्चा, एसटी मोर्चा, बुद्धिजीवी मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, कला एवं संस्कृति मोर्चा, व्यापार मोर्चा, छात्र मोर्चा, क्रीड़ा मोर्चा और प्रेस प्रवक्ता के पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं.
बैठक में दोनों प्रखंडों के अध्यक्ष भगत महतो और प्रकाश महतो, सचिव, समिति सदस्य, विभिन्न वर्ग संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने अपने सुझाव दिए और बैठक को सफल बनाया.