Gamharia News: गम्हरिया थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में गुरुवार सुबह एक युवक का शव केंदू के पेड़ से लटका मिला, जिससे गांव में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 35 वर्षीय दुर्योधन मंडल के रूप में हुई है, जो दो बच्चों का पिता था.
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार शाम किसी बात को लेकर वह गुस्से में घर से निकल गया था और देर रात तक वापस नहीं लौटा. परिजनों और ग्रामीणों ने रातभर उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला. सुबह ग्रामीणों ने प्रदीप मंडल की जमीन पर स्थित पेड़ से युवक का शव रस्सी के सहारे लटका देखा, जिससे हड़कंप मच गया.
सूचना पर गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया. पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है. शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना या आपराधिक साजिश, सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा.
घटना से गांव में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं हैं. पुलिस ने लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील की है.