Seraikela News: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने आयुष्मान भारत योजना, अबुआ स्वास्थ्य कार्ड निर्माण और जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि जिन लाभुकों के राशन कार्ड में नाम या पता सुधार के कारण आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाए हैं, उनका E-KYC तुरंत पूरा कर कार्ड जारी किया जाए.
उपायुक्त ने कहा कि कार्ड से वंचित पात्र लाभुकों का शत-प्रतिशत नामांकन हो, इसके लिए प्रखंड और पंचायत स्तर पर स्थानीय भाषा में प्रचार-प्रसार किया जाए. आयुष्मान और अबुआ स्वास्थ्य कार्ड निर्माण में तेजी लाने और छूटे हुए लाभुकों को चिह्नित कर योजना से जोड़ने का निर्देश दिया.
आयुष्मान कार्ड क्लेम की समीक्षा में लंबित दावों को तय समय में निपटाने और जन-जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया. स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के लिए सभी केंद्रों पर निःशुल्क जांचों की जानकारी डिजिटल बोर्ड पर प्रदर्शित करने को कहा. उपायुक्त ने लापरवाही बर्दाश्त न करने की बात कही और पदाधिकारियों को कार्यशैली सुधारने के निर्देश दिए.
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरजू प्रसाद सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ जुझार मांझी, डीआरसीएचओ, प्रखंड विकास पदाधिकारी, एमओआईसी, DPM NRHM और संबंधित अधिकारी-कर्मी मौजूद थे.