Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके में जेएमए स्टोर्स प्राइवेट लिमिटेड के ऑफिस से 12 लाख से अधिक की चोरी के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर लिया है. मामले में पुलिस ने आरोपी रवि रंजन को गिरफ्तार किया है. कंपनी में उसके खिलाफ चोरी का मामला दर्ज हुआ था. शिकायत में बताया गया था कि ऑफिस से लगभग 12 लाख 37 हजार रुपये गायब हैं और इसकी जानकारी किसी को नहीं थी.
मामले को गंभीर मानते हुए जिला पुलिस ने एक विशेष जांच टीम बनाई. जांच टीम ने ऑफिस परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को कई बार खंगाला और तकनीकी जांच के आधार पर रवि रंजन की पहचान की. आरोपी से पूछताछ के दौरान उसने चोरी की बात कबूल कर ली. पूछताछ के बाद आरोपी ने ऑफिस के अंदर ही छुपाकर रखी गई नकदी को निकालकर पुलिस को सौंप दिया. टीम ने आरोपी के पास से कुल 8 लाख 91 हजार 500 रुपये बरामद किए हैं.
गिरफ्तार आरोपी बिष्टुपुर में किराए के मकान में रहता था जबकि उसका स्थायी पता बिहार के भोजपुर जिले का है.
छापामारी दल में आलोक कुमार दुबे, रंजित यादव, आकाश कुमार पाण्डेय, पल्लवी कुजूर, नीरज कुमार, गोपाल पाण्डेय और भीम कुमार शामिल थे.
यह घटना बताती है कि कारोबारी संस्थानों में अंदरूनी स्तर पर भी वित्तीय अनियमितताओं की संभावना बनी रहती है. पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सीसीटीवी फुटेज की मदद से कम समय में मामले का समाधान निकल सका. हालांकि अभी यह भी जांच का विषय है कि आरोपी ने इतने बड़े रकम को चुराने की योजना अकेले बनाई या इसमें किसी और की भी भूमिका थी. व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से नकदी प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत इस घटना से एक बार फिर सामने आई है.