Jamshedpur: उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर 1 निवासी प्रदीप साव की मौत के मामले में पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। यह प्राथमिकी उलीडीह थाना में पदस्थापित एसआई रविंद्र पांडेय के बयान के आधार पर दर्ज की गई है। मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने कुल सात व्यक्तियों को हत्या में शक के दायरे में लाते हुए नामजद अभियुक्त बनाया है।
आरोपियों में शामिल लोग
आरोपियों में शामिल हैं कुंदन सिंह उर्फ पोलियो, ललित सिंह उर्फ लुधु उर्फ बाबू, आकाश सिंह उर्फ उकूल, रवि उरांव उर्फ लाला, शिबू गोराई उर्फ कोचू, रुपेश कुमार तथा सोनू गोराई।
धारा 302 सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज
इन सभी पर आईपीसी की धारा 302 सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
घटना की पूरी जानकारी
प्रदीप साव 30 नवंबर से लापता थे। परिवार ने पुलिस से उसकी खोज में मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। 4 दिसंबर को श्यामनगर की छोटी नदी से उसका शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
अगले दिन स्थानीय लोग उलीडीह थाना पहुंचकर तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन पर उतर आए। उन्होंने सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों के द्वारा कार्रवाई का आश्वासन देने पर जाम हट गया।
फिलहाल पुलिस कई लोगों से पूछताछ कर रही है। सूत्रों के अनुसार जांच टीम को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही मामले के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा और शीघ्र गिरफ्तारी की संभावना है।