Ranchi Airport Updates: अगर आप भी रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले है तो यह खबर आपके लिए बेहद जरुरी है. रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली कई फ्लाइट्स को परिचालन संबंधी कारणों से अचानक रद्द कर दिया गया, जिसके चलते यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा. इंडिगो की कुल 11 उड़ानें रद्द की गईं जिनमें पुणे, हैदराबाद, दिल्ली, अहमदाबाद, मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु जैसी प्रमुख शहरों के लिए आने-जाने वाली फ्लाइटें शामिल रहीं.
ये फ्लाइट्स हैं रद्द
रद्द की गई इंडिगो उड़ानों में 6E 6484 और 6799 शामिल हैं जो पुणे से रांची और वहां से बेंगलुरु के लिए संचालित होती थीं. इसके अलावा हैदराबाद, दिल्ली, अहमदाबाद और मुंबई रूट की कई फ्लाइटें भी रद्द रहीं जिनमें 6E 421, 398, 5071, 2294, 6758, 5139, 6493, 6184, 795 और 5017 शामिल हैं. चेन्नई रूट की 6E 6113 और 209 तथा बेंगलुरु और पुणे रूट की 6E 221 और 6272 भी प्रभावित रहीं.
लगातार रद्द और विलंबित उड़ानों की शिकायतों में बढ़ोतरी को देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने एक विशेष ऑपरेशंस कंट्रोल रूम स्थापित किया है. इस कंट्रोल रूम का उद्देश्य उड़ानों की मॉनिटरिंग को तेज करना, रीयल टाइम अपडेट यात्रियों तक पहुंचाना और एयरलाइंस के साथ बेहतर समन्वय बनाना है. इसके साथ ही यात्रियों को हर जरूरी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है.
हेल्पलाइन नंबर 0651 2250282
एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि अब हर देरी और रद्दीकरण की जानकारी कंट्रोल रूम द्वारा समय पर मॉनिटर की जाएगी और यात्रियों को पहले से सूचित किया जाएगा ताकि यात्रा संबंधी दिक्कतें कम हों. यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0651 2250282 जारी किया गया है, जिस पर संपर्क कर फ्लाइट की ताजा जानकारी प्राप्त की जा सकती है.
एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि यह कदम यात्रियों की परेशानी को कम करने और यात्रा व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने के लिए उठाया गया है. इस प्रयास का लक्ष्य है कि अंतिम क्षण में होने वाली दिक्कतों से यात्रियों को राहत मिल सके.
रांची एयरपोर्ट पर लगातार रद्द हो रही उड़ानें यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बन रही हैं. संचालन संबंधी समस्याओं का सीधा असर हजारों यात्रियों की दिनचर्या और योजनाओं पर पड़ रहा है. कंट्रोल रूम का गठन इस स्थिति को संभालने का कदम जरूर है, लेकिन एयरलाइंस और प्रबंधन को मूल कारणों को दूर कर स्थायी समाधान पर काम करना होगा. उड़ानों की विश्वसनीयता और समयबद्धता सुनिश्चित करना ही यात्रियों के भरोसे को बहाल कर सकता है.