Seraikela News: सरायकेला उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने शनिवार को राजनगर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मनरेगा योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, 15वीं वित्त आयोग मद के कार्यों, आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालय परिसरों और बस स्टैंड निर्माण की प्रगति की समीक्षा की.
उप विकास आयुक्त ने लंबित कार्यों में तेजी लाने और सभी योजनाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। अभिलेखों के सुव्यवस्थित और अद्यतन संधारण पर जोर देते हुए कहा कि इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और पोषण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया.
जॉनबानी पंचायत के ऑटोडीह गांव में मनरेगा कन्वर्जेंस मॉडल के तहत प्रस्तावित मॉडल मनरेगा पार्क के विकास पर ग्रामीणों से चर्चा की. इसे समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से विकसित कर ग्रामीणों के लिए उपयोगी स्थल बनाने का निर्देश दिया.
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी.