Jamshedpur: जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में बुधवार देर रात फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर फिर से गंभीर लापरवाही सामने आई। मानगो दायगुट्टू के रहने वाले अंकित कुमार साकची से अपने घर लौट रहे थे, तभी स्मार्ट बाज़ार के पास एक मालवाहक ट्रक विपरीत दिशा में गलत तरीके से बैक करने की कोशिश कर रहा था।
घटना कैसे हुई जानें
इसी दौरान ट्रक का पिछला हिस्सा सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइट के तारों में उलझ गया। ड्राइवर द्वारा वाहन को आगे बढ़ाते ही पूरा पोल टूटकर सीधे अंकित के सिर और हाथ पर आ गिरा। गनीमत रही कि उन्हें केवल मामूली चोटें आई। घायल अंकित ने जब मौके पर मौजूद सुपरवाइज़र से सेफ्टी इंजीनियर के बारे में पूछा, तो पता चला कि उस समय साइट पर कोई सेफ्टी इंजीनियर तैनात ही नहीं था।
पुलिस घटस्थल पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को शिकायत दर्ज कराने के लिए अपने साथ ले गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और भीड़ ने ट्रक चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी।
किसी भी प्रकार की दुर्घटना घट सकती है
यह मामला एक बार फिर उजागर करता है कि मानगो फ्लाईओवर निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी लगातार जारी है। अगर समय रहते सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई भी बड़ी दुर्घटना घट सकती है।