Dhanbad: मैथन डैम पर 25 दिसंबर और 1 जनवरी को भारी सैलानी भीड़ को देखते हुए दोपहिया और चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। यह निर्णय डीवीसी प्रशासन, झारखंड और पश्चिम बंगाल पुलिस के संयुक्त बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता परियोजना प्रमुख सुमन प्रसाद सिंह ने की।
सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी
डीवीसी ने डैम के सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी, साथ ही सीआइएसएफ और होमगार्ड के जवान सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे। दोनों राज्यों के संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी बढ़ाई जाएगी।
आपातकालीन संपर्क नंबर
सैलानियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नाविक एसोसिएशन को निर्देश दिया गया है कि वे नावों में सैलानियों को लाइफ जैकेट पहनाएं और शाम 5 बजे के बाद नावों का संचालन बंद कर दें। इसके अलावा, डैम पर अस्थायी शौचालय और आपातकालीन संपर्क नंबर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किए जाएंगे।
कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए रणनीति पर चर्चा
बैठक में डीवीसी के अधिकारी, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, अंचलाधिकारी और अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे, जिन्होंने सैलानी भीड़ के प्रबंधन और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए रणनीति पर चर्चा की।