Jamshedpur: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में जोजोबेड़ा शिव मंदिर के पास एक निर्माणाधीन मकान से चोरी की वारदात को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लिया। गुरुवार की सुबह पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी कर चोरी की गई वस्तुओं को भी बरामद कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा निवासी संजय गोप और जोजोबेड़ा शिव मंदिर के पास रहने वाले निरज कुमार, अभिषेक कुमार उर्फ बिल्ला तथा प्रेम कुमार शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल डाला टेंपो, मकान का गेट और ग्रिल एंगल भी जब्त कर लिया।
चोरी का खुलासा अनोखे तरीके से
पुलिस ने बताया कि इस चोरी का खुलासा बहुत ही अनोखे तरीके से हुआ। घटना के समय किसी स्थानीय व्यक्ति ने टेंपो पर लदी चोरी की सामग्री और आरोपियों की स्पष्ट तस्वीर खींच ली थी। तस्वीर में सभी आरोपी साफ दिखाई दे रहे थे, जो पुलिस के लिए अहम सबूत साबित हुई। इस तस्वीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित पहचान कर छापेमारी शुरू की और सुबह-सुबह सभी आरोपियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने स्वीकार की चोरी घटना
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने चोरी की इस घटना को स्वीकार कर लिया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तेज़ कार्रवाई की सराहना की और कहा कि ऐसी तत्पर कार्रवाई से अपराधियों में डर पैदा होगा। पुलिस अब सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।