Ranchi: वरिष्ठ और अनुभवी हिंदी पत्रकार आशुतोष चतुर्वेदी को केंद्रीय सूचना आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है। वह अपने नए पद पर 15 दिसंबर से कार्यभार संभालेंगे। वर्तमान में वह देश के प्रमुख हिंदी दैनिक प्रभात खबर के प्रधान संपादक के पद पर कार्यरत हैं।
आशुतोष चतुर्वेदी का हिंदी पत्रकारिता में अनुभव
मीडिया जगत में तीन दशकों से अधिक का अनुभव रखने वाले आशुतोष चतुर्वेदी हिंदी पत्रकारिता के उन चुनिंदा नामों में शामिल हैं, जिन्होंने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया तीनों क्षेत्रों में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने न केवल भारत में, बल्कि विदेशों में भी पत्रकारिता का गहन अनुभव एकत्रित किया है।
अपने पेशेवर सफर में उन्होंने इंडिया टुडे, संडे ऑब्जर्वर और बीबीसी हिंदी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है। इसके अलावा वह अमर उजाला (नोएडा संस्करण) में कार्यकारी संपादक भी रह चुके हैं।
आशुतोष चतुर्वेदी ने प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के साथ कई देशों की आधिकारिक यात्राओं में हिस्सा लिया है, जिससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय राजनीति और कूटनीति का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। वर्तमान में वह एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के सक्रिय सदस्य भी है।
केंद्रीय सूचना आयुक्त के रूप में उनकी नियुक्ति को सूचना के अधिकार और सरकारी पारदर्शिता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।