Jamshedpur: परसुडीह थाना पुलिस ने 30 नवंबर को बाजार से चोरी हुई स्कूटी के मामले का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में चोरी की गई स्कूटी को बरामद कर लिया गया है और विद्यासागर पल्ली निवासी उदय प्रताप, जिसे चिकू और बाबू के नाम से भी जाना जाता है, को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ था मामला
स्कूटी मालिक माखन मजुमदार द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर परसुडीह थाना में अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार चोरी गई स्कूटी की तलाश और मामले के उद्भेदन में जुटी हुई थी।
गुप्त सूचना से मिली सफलता
जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि चोरी की गई स्कूटी उदय प्रताप के पास मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके घर पर छापेमारी की, जहां से स्कूटी बरामद कर ली गई। इसके बाद आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस की पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही परसुडीह थाना में चोरी से जुड़ा एक अन्य मामला दर्ज है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि क्या वह अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है।
इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने किया। छापेमारी दल में एसआई संजय कुमार राय, एसआई गौतम कुमार वर्मा, एसआई हिरालाल तुबिद समेत थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।