BREAKING: भारतीय जनता पार्टी संगठन में एक अहम नियुक्ति की घोषणा की गई है. पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है. इस फैसले के साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक ढांचे में बदलाव किया गया है.
पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक सूचना जारी
पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी और इसके साथ ही वे संगठन में अपनी नई भूमिका निभाना शुरू करेंगे. यह जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी पत्र के माध्यम से दी गई है.
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यह फैसला पार्टी के संसदीय बोर्ड द्वारा लिया गया है और इसकी सूचना संगठन के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश स्तर के जिम्मेदार नेताओं को दे दी गई है.
संगठनात्मक आदेश की प्रतिलिपि सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी प्रदेश प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री संगठन को भेजी गई है ताकि नियुक्ति से संबंधित जानकारी पार्टी के हर स्तर तक पहुंच सके. इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन को भी सूचनार्थ अवगत कराया गया है.
पार्टी राज्य और केंद्र के बीच संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करना मकसद
नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी देना भाजपा के संगठनात्मक संतुलन और भविष्य की रणनीति का संकेत माना जा रहा है. बिहार सरकार में मंत्री रहते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर की भूमिका सौंपना यह दर्शाता है कि पार्टी राज्य और केंद्र के बीच संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करना चाहती है. यह नियुक्ति आने वाले राजनीतिक और संगठनात्मक फैसलों में अहम भूमिका निभा सकती है.