Jamshedpur : लौहनगरी जमशेदपुर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था लोक समर्पण के तत्वावधान में रविवार को सिदगोड़ा स्थित सोन मंडप परिसर में एकदिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू तथा विशिष्ट अतिथि कोल्हान विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. शुक्ला मोहंती ने किया। इस अवसर पर मजदूर नेता सह विभिन्न यूनियनों के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी, टाटा मोटर्स यूनियन के अध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद एवं महामंत्री आर.के. सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस रक्तदान शिविर में युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह से ही पंजीकरण काउंटर पर रक्तदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। शिविर की समाप्ति पर कुल 663 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जिसे आयोजकों ने ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
शिविर में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी शिरकत कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सभी रक्तवीरों को हेलमेट और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं अतिथियों ने एकल पुष्प भेंट कर रक्तदाताओं के प्रति आभार प्रकट किया।
रक्तदान को प्रेरक बनाने के लिए शिविर स्थल पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए गए थे, जहां रक्तदान से जुड़े प्रेरक स्लोगन और संस्था के सामाजिक कार्यों को प्रदर्शित किया गया था। इन सेल्फी प्वाइंट्स पर रक्तदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्य अतिथि विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि लोक समर्पण लगातार शहर और आसपास के क्षेत्रों में सामाजिक कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस बार नए उद्देश्य और व्यापक सोच के साथ आयोजित रक्तदान शिविर को लोगों की भारी भागीदारी ने ऐतिहासिक सफलता दिलाई है। रक्तदान को उन्होंने महान कार्य बताते हुए युवाओं में बढ़ती जागरूकता को सकारात्मक संकेत करार दिया।
संस्था के संरक्षक सह समाजसेवी ललित दास ने बताया कि यह पहली बार है जब संस्था ने इतने बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों युवाओं ने पहली बार रक्तदान किया। उन्होंने सभी रक्तदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि “मानव ही मानव के काम आता है” और इसी भावना के साथ संस्था वर्षों से सेवा कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने युवाओं से यातायात और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और संस्था के सदस्य उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने लोक समर्पण के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।