Jamshedpur: जमशेदपुर के मानगो थाना परिसर में रविवार रात अचानक भारी हंगामा और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सोमवार को औपचारिक रूप से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में दो पक्षों से जुड़े कुल 13 लोगों को नामजद किया गया है, वहीं 15 अन्य अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है।
सात आरोपी गिरफ्तार
यह मामला मानगो थाने में पदस्थापित अवर निरीक्षक चंदन कुमार द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर दर्ज किया गया है। पुलिस ने अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों पर आपसी गाली-गलौज, जान से मारने की कोशिश, लाइसेंसी हथियार का प्रदर्शन और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
एफआईआर में नामजद व्यक्तियों के नाम
एफआईआर में जिन लोगों को नामजद किया गया है, उनमें रहमत सईद खान उर्फ हन्ने, उनके भाई जाकिर खान, हन्ने के पुत्र अराफ सईद खान, जाकिर के पुत्र शाद सईद खान, अबूजर खान, असलम सईद खान, शाहिद उर्फ छोटा कुबड़ा, आजाद नगर रोड नंबर 17 निवासी औरंगजेब, सिम्स अस्पताल से जुड़े शाहिद अकबर, इम्तियाज अहमद, दया अस्पताल के संचालक मुमताज के पुत्र श्यान अहमद, तथा आजादनगर रोड नंबर 12 के निवासी शहनवाज हुसैन और युनुस हुसैन शामिल हैं।
आपसी तनातनी पहले से मौजूद
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह विवाद लंबे समय से चला आ रहा था, जिसमें दया अस्पताल के संचालक मुमताज के पुत्रों और सिम्स अस्पताल के संचालक रहमत सईद खान के पुत्र के बीच आपसी तनातनी पहले से मौजूद थी, जो कि आखिर में हिंसक घटना में बदल गई।