Adityapur Accident News: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के घोड़ा बाबा चौक पर सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बस (JH05BF9310) और कार (JH05AB6467) की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया और लोग एक-दूसरे पर गलत तरीके से वाहन चलाने का आरोप लगाने लगे. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस की मौजूदगी में ही उपद्रवियों ने मामले की जानकारी देने वाले एक शख्स को बुरी तरह पीट दिया, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा. घायल को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
पुलिस उपद्रवियों पर कार्रवाई करने की बजाय मामले को दबाने में लगी है
आदित्यपुर थाने के दरोगा कौशल कुमार मौके पर मौजूद थे, लेकिन जब घायल की हालत देखकर मीडिया उनसे बात करना चाहा, तो वे कन्नी काटते हुए बहाने बनाने लगे. उन्होंने घटना के बारे में कुछ भी बताने से साफ इनकार कर दिया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस उपद्रवियों पर कार्रवाई करने की बजाय मामले को दबाने में लगी है, ताकि इलाके में तनाव न फैले. लोगों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर एक्शन लेती, तो उपद्रवियों की इतनी हिम्मत नहीं होती कि वे पुलिस के सामने किसी को पीट दें.
इलाके में तनाव का माहौल
इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल है और लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं. स्थानीय निवासी राकेश कुमार ने बताया, "पुलिस की मौजूदगी में एक शख्स को इतनी बुरी तरह पीटा गया, लेकिन किसी पर कार्रवाई नहीं हुई. आखिर पुलिस कर क्या रही है?" वहीं, प्रत्यक्षदर्शी सुमित ने कहा, "हम लोग बीच-बचाव करने गए, लेकिन उपद्रवियों ने हमारी भी नहीं सुनी. पुलिस मूकदर्शक बनी रही."
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और घायल को उचित मुआवजा दिया जाए. दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली है.