Jamshedpur: जमशेदपुर में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या को देखते हुए नोटिफाइड एरिया कमेटी (जेएनएसी) ने एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। मंगलवार को यह अभियान बिरसानगर हाट बाजार क्षेत्र में चलाया गया, जहां दो सांडों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर टाटानगर स्थित गौशाला पहुंचाया गया।
इस कार्रवाई के दौरान पशुओं की सुरक्षा और कल्याण को प्राथमिकता दी गई। जेएनएसी द्वारा प्रशिक्षित कर्मियों की टीम को तैनात किया गया था, ताकि किसी भी पशु को कोई नुकसान न पहुंचे। अभियान की सराहना करते हुए बिरसानगर जनता दल यूनाइटेड मंडल अध्यक्ष शंकर कर्मकार ने जमशेदपुर अक्षेस की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया और इस पहल को सराहनीय बताया।
उन्होंने कहा कि शहर में आवारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की जान-माल को खतरा बना रहता है। हाल ही में एक आवारा सांड के हमले में करीब 15 लोग घायल हो गए थे, जबकि एक महिला की जान भी चली गई थी।
वहीं जेएनएसी के अधिकारियों ने बताया कि शहर को आवारा पशुओं से मुक्त करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने पशु मालिकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई अपने पशुओं को सड़कों पर खुला छोड़ता पाया गया, तो उसके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। इस विशेष अभियान से शहर की यातायात व्यवस्था के बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।