Jamshedpur: जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के बिष्टुपुर परिसर में वाणिज्य विभाग की ओर से मंगलवार 16 दिसंबर 2025 को एक विशेष करियर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को विभिन्न व्यावसायिक संभावनाओं से परिचित कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ. अंजिला गुप्ता के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात वाणिज्य संकाय की अधिष्ठाता डॉ. दीपा शरण ने स्वागत संबोधन दिया और आमंत्रित वक्ताओं का परिचय प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा से सभी को अवगत कराया।
इस अवसर पर कंपनी सेक्रेटरी जमशेदपुर चैप्टर के प्रतिनिधि सीएस सुरोजित भूमिज एवं एक्सएलआरआई के पूर्व प्रोफेसर डॉ. प्रबल सेन बतौर मुख्य वक्ता उपस्थित रहे। प्रथम सत्र में सीएस सुरोजित भूमिज ने कंपनी सेक्रेटरी के क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि कॉर्पोरेट सेक्टर में कंपनी सेक्रेटरी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और इस क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस कोर्स के लिए कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं है, जिससे छात्राएं किसी भी समय इस करियर विकल्प को अपना सकती हैं। साथ ही उन्होंने इस पेशे से जुड़ी जिम्मेदारियों, कार्यक्षेत्र और भविष्य की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
दूसरे सत्र में डॉ. प्रबल सेन ने उद्यमिता के महत्व पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि विकासशील अर्थव्यवस्था वाले देश में उद्यमिता आर्थिक प्रगति का एक सशक्त माध्यम है। भारत की आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जहां देश की जीडीपी में लगातार वृद्धि हो रही है, वहीं प्रति व्यक्ति आय में अपेक्षित सुधार अभी भी जरूरी है। ऐसे में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना समय की मांग है।
डॉ. सेन ने महिला उद्यमियों के सामने आने वाली चुनौतियों, उपलब्ध अवसरों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान डॉ. छगनलाल अग्रवाल ने भी विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ग्लोरिया पूर्ति एवं जयंती प्रधान द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर वाणिज्य विभाग की शिक्षिकाएं भावना कुमारी, अंशु वर्मा सहित विभाग की बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। यह कार्यक्रम छात्राओं के लिए करियर मार्गदर्शन के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।