Ranchi Crime News: कटहल मोड़ इलाके में हुई सनसनीखेज फायरिंग की गुत्थी अब धीरे-धीरे खुलती नजर आ रही है. सीमेंट कारोबारी पर जानलेवा हमले के मामले में रांची पुलिस को अहम सफलता मिली है, जिससे इस वारदात के मास्टरमाइंड तक पहुंचने का रास्ता खुल गया है.
आरोपी चंदन की हुई गिरफ्तारी
रांची के कटहल मोड़ के पास सीमेंट कारोबारी राधेश्याम साहू पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन के रूप में हुई है, जिसे रांची से हिरासत में लिया गया है. पुलिस के अनुसार चंदन सीधे तौर पर गोलीबारी की घटना में शामिल था.
गुप्त सुचना के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस को यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर करनी पड़ी. रांची एसएसपी को मिली इनपुट के बाद दलादली ओपी प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और चंदन को गिरफ्तार कर लिया.
अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है. उसकी निशानदेही पर पुलिस अब इस हमले में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि कारोबारी पर हमला क्यों किया गया और इसके पीछे किसका इशारा था.
15 अक्टूबर की दोपहर सीमेंट कारोबारी राधेश्याम साहू हुआ था हमला
यह मामला 15 अक्टूबर की दोपहर का है, जब दो मोटरसाइकिल पर सवार अपराधी कटहल मोड़ के पास पहुंचे और सीमेंट कारोबारी राधेश्याम साहू पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगने से कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तुरंत रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उनकी जान बच सकी.
आने वाले दिनों में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी संभव
दिनदहाड़े कारोबारी पर हुए हमले ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे. आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस को जांच की अहम दिशा मिली है. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि हमला व्यक्तिगत रंजिश का नतीजा था या इसके पीछे किसी संगठित साजिश की भूमिका थी. आने वाले दिनों में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे मामले के खुलासे से तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है.