Ranchi News: रेलवे सुरक्षा बल रांची ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन NARCOS के तहत बड़ी कार्रवाई की है. कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ पोस्ट रांची और फ्लाइंग टीम ने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाया. इसी दौरान ट्रेन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया.
17 दिसंबर को रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म एक पर खड़ी ट्रेन संख्या 15027 के कोच एस-3 की गहन जांच की गई. जांच के दौरान तीन बैग संदिग्ध हालत में पाए गए. इन बैगों के पास दो पुरुष और एक महिला बैठे हुए थे.
आरपीएफ टीम ने तीनों से पूछताछ की. पूछताछ में उन्होंने बैग अपना बताया, लेकिन बैग में रखे सामान को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके. सख्ती से पूछताछ करने पर अंततः उनमें से एक ने स्वीकार किया कि बैग में गांजा रखा हुआ है.
करीब सात लाख रुपये की कीमत का गांजा बरामद
इसके बाद तीनों संदिग्धों को उनके बैग सहित ट्रेन से उतार लिया गया और प्लेटफॉर्म पर आगे की जांच की गई. तलाशी में कुल 14 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है.
मामले में अवैध रूप से गांजा ले जाकर तस्करी करने के आरोप में तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है. बरामदगी के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
मादक पदार्थों की तस्करी चुनौती
रेलवे स्टेशन और ट्रेनों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी लगातार चुनौती बनी हुई है. इस कार्रवाई से साफ है कि नियमित और सघन जांच तस्करी पर लगाम लगाने में कारगर साबित हो रही है. हालांकि सवाल यह भी है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा किस नेटवर्क के जरिए लाया जा रहा था. जांच आगे बढ़ने पर तस्करी के पूरे नेटवर्क के उजागर होने की संभावना है.