Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र में हुई एक चोरी की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। यह मामला गौसनगर फुटबॉल मैदान के पास रहने वाली सन्नु बेगम के घर में हुई चोरी से जुड़ा है।
बेटे ने बनाई थी योजना
पुलिस जांच में सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई है कि इस वारदात की योजना किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि स्वयं पीड़िता के बेटे राज शेख उर्फ चोट्टा ने बनाई थी। जानकारी के अनुसार सन्नु बेगम कुछ दिन पहले अपने पूरे परिवार के साथ पश्चिम बंगाल के कांटा डीह में आयोजित चांद शह बाबा के उर्स में शामिल होने गई थीं। घर बंद होने की जानकारी का फायदा उठाकर आरोपियों ने ताला तोड़कर नकदी और अन्य कीमती सामान चुरा लिए।
उर्स से वापस लौटने पर जब सन्नु बेगम ने घर का ताला टूटा हुआ देखा तो उन्होंने तत्काल कपाली ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूत्रों तथा घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में जाशीर अंसारी उर्फ जाशीर बच्चा को गिरफ्तार किया। आरोपी को कमलपुर थाना क्षेत्र के कटिंग इलाके में एक बस से पकड़ा गया। पूछताछ में जाशीर अंसारी ने स्वीकार किया कि चोरी की पूरी योजना राज शेख ने बनाई थी और दोनों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया।
निशानदेही पर 2500 रुपये नकद बरामद
आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि चोरी के बाद उसे नशीला पदार्थ दिया गया और फिर काले रंग की मोटरसाइकिल से बंगाल में चल रहे उर्स में ले जाया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 2500 रुपये नकद भी बरामद किया हैं।
इस कार्रवाई में शामिल अधिकारी
गिरफ्तार आरोपी को सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू के नेतृत्व में टाइगर मोबाइल के जवान दस्तगीर आलम, सुनील हापद गड़हा समेत सशस्त्र बल के अन्य जवान शामिल थे।