Jamshedpur: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर- 2 की रहने वाली लगभग 60 वर्षीय वृद्ध महिला अमीना बीते 15 दिनों से लापता हैं। परिजनों द्वारा लगातार प्रयास और पुलिस को सूचना देने के बावजूद अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस मामले को लेकर लापता महिला की बेटी सबीला बीबी ने गुरुवार को जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात कर एक लिखित आवेदन सौंपा और अपनी मां को जल्द खोजने की गुहार लगाई।
वृद्ध मानसिक रूप से बीमार
दिए गए ज्ञापन में सबीला बीबी ने बताया कि उनकी मां अमीना मानसिक रूप से बीमार हैं और अक्सर अपनी स्थिति का सही आकलन नहीं कर पातीं। इससे पहले भी वह दो बार बिना किसी को बताए घर से निकल चुकी हैं, हालांकि उन मौकों पर परिजनों ने खोजबीन कर उन्हें सुरक्षित घर वापस ला लिया था। लेकिन इस बार काफी प्रयासों के बावजूद अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
वृद्ध का हुलिया
उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर को कदमा थाना में मां की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। जिस दिन अमीना घर से लापता हुई थी, उस दिन उन्होंने लाल रंग की साड़ी पहन रखी थी। उनकी लंबाई लगभग 4 फीट 6 इंच है, चेहरा गोल है और बाल सफेद हैं।
एसएसपी ने दिया आश्वासन
फिलहाल एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत सुनी और भरोसा दिलाया कि पुलिस द्वारा हर संभव प्रयास कर वृद्ध महिला की तलाश की जाएगी।