Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-18

Jharkhand News: NH 320-D के चौड़ीकरण को लेकर जोबा माझी ने नितिन गडकरी से की मुलाकात, फ्लाईओवर और बाइपास की रखी मांग

Jharkhand News: सिंहभूम क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी और बढ़ती यातायात समस्याओं को लेकर अब दिल्ली तक आवाज उठी है. चक्रधरपुर से राउरकेला को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति को लेकर सांसद जोबा माझी ने केंद्रीय स्तर पर हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि आम लोगों को जाम और दुर्घटनाओं से राहत मिल सके.

सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने चक्रधरपुर से राउरकेला को जोड़ने वाले एनएच 320-डी के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग को लेकर मंत्री को पत्र सौंपा.

सड़क कई हिस्सों में बेहद संकीर्ण
सांसद ने बताया कि लगभग 106 किलोमीटर लंबी यह सड़क झारखंड के चक्रधरपुर को ओडिशा के राउरकेला से जोड़ती है और एक महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय मार्ग है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह सड़क कई हिस्सों में बेहद संकीर्ण है. तीखे मोड़ों और सीमित चौड़ाई के कारण यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं.

घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है
जोबा माझी ने मंत्री का ध्यान इस ओर भी दिलाया कि सोनुवा, गोइलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर जैसे घनी आबादी वाले बाजारी क्षेत्रों में इस सड़क पर घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है. इससे न केवल स्थानीय लोगों को परेशानी होती है बल्कि भारी वाहनों की आवाजाही भी बुरी तरह प्रभावित होती है.

उन्होंने जनहित और क्षेत्रीय विकास का हवाला देते हुए एनएच 320-डी को प्राथमिकता के आधार पर चौड़ा और मजबूत बनाने का अनुरोध किया. साथ ही सोनुवा, गोइलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर में यातायात को सुगम करने के लिए फ्लाईओवर या बाइपास सड़क के निर्माण की मांग भी रखी.

एनएच 320-डी सिंहभूम और पड़ोसी राज्य ओडिशा के बीच एक अहम संपर्क मार्ग है. सड़क की खराब स्थिति न केवल दुर्घटनाओं का कारण बन रही है बल्कि व्यापार और रोजमर्रा की आवाजाही को भी प्रभावित कर रही है. सांसद स्तर पर यह मुद्दा उठाए जाने से उम्मीद है कि केंद्र सरकार इस मार्ग को लेकर ठोस कदम उठाएगी. यदि चौड़ीकरण और बाइपास जैसी योजनाएं जमीन पर उतरती हैं तो इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बड़ा लाभ मिल सकता है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !