Jharkhand News: आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल आदित्यपुर के उद्घाटन समारोह के लिए आमंत्रित किया. उन्होंने अपने संस्थान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह संस्थान झारखंड और बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में अपना परचम लहरा रहा है.
मदन मोहन सिंह ने बताया कि उनके संस्थान में पटना बिहार में नेताजी सुभाष इंजीनियरिंग कॉलेज, नेताजी सुभाष पॉलिटेक्निक कॉलेज, नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल और नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल बिहटा, एवं झारखंड में नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी, नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल (10 स्कूल), नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल आदित्यपुर सरायकेला शामिल हैं.
उन्होंने बताया कि नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल आदित्यपुर में चिकित्सा व्यवस्था और छात्रों का पठन-पाठन बड़े ही सुचारु ढंग से चल रहा है. यह अस्पताल झारखंड में मील का पत्थर बनने जा रहा है, जहां बहुत ही कम कीमत पर मरीज का इलाज किया जाता है और आयुष्मान की सुविधा होने से गरीबों को अच्छी चिकित्सा मिल रही है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जनवरी माह में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के उद्घाटन समारोह में उपस्थित होने का आश्वासन दिया है.