जमशेदपुर: देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआइ जमशेदपुर ने ग्रामीण और अर्ध-ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रूरल बिजनेस इन्क्यूबेशन सेंटर की स्थापना की घोषणा की है। इस केंद्र का नाम एक्सएलआरआइ सेंटर फॉर इनोवेशन, टेक्नोलॉजी एंड एंटरप्रेन्योरशिप (XCITE) रखा गया है। केंद्र की स्थापना नेशनल बैंक फॉर एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट (नाबार्ड) से प्राप्त अनुदान के माध्यम से की गई है।
XCITE का उद्देश्य कृषि व्यवसाय और इससे जुड़े गैर-कृषि क्षेत्रों में नवाचार-आधारित शुरुआती चरण के उद्यमों को सहयोग प्रदान करना है, ताकि रोजगार सृजन, सतत विकास और क्षेत्रीय आर्थिक परिवर्तन को गति मिल सके। यह केंद्र बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल तथा पूर्वोत्तर के आठ राज्यों सहित कुल 12 राज्यों के उद्यमियों को समर्थन देगा। विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जहां संसाधनों की उपलब्धता के बावजूद संगठित उद्यमी पारिस्थितिकी तंत्र का अभाव रहा है।
एक्सएलआरआइ-नाबार्ड के बीच एमओयू
इस परियोजना से संबंधित एमओयू पर शुक्रवार को औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता ग्रामीण विकास और समावेशी विकास के प्रति एक्सएलआरआइ की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करेगा।
इस अवसर पर एक्सएलआरआइ के निदेशक फादर एस. जॉर्ज एसजे ने कहा कि XCITE की शुरुआत संस्थान के मूल मंत्र “एक्सीलेंस विद इंटीग्रिटी” को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य शहरी सीमाओं से आगे जाकर वास्तविक सामाजिक प्रभाव पैदा करना है।
इन्क्यूबेशन सेंटर के फैकल्टी इंचार्ज प्रो. सौरव स्नेहव्रत ने बताया कि XCITE देश के अग्रणी ग्रामीण व्यवसाय इन्क्यूबेशन केंद्रों में शामिल होने की दिशा में कार्य करेगा, जहां प्रबंधन विशेषज्ञता, जमीनी समझ और तकनीक आधारित नवाचार के माध्यम से ग्रामीण उद्यमों को स्थायी रूप से विकसित किया जाएगा।
परियोजना के सह-नेतृत्वकर्ता प्रो. टाटा एल. रघु राम ने कहा कि नाबार्ड के सहयोग से XCITE में मेंटरशिप, बिजनेस डेवलपमेंट सपोर्ट, बाजार तक पहुंच और वित्तीय संसाधनों से जुड़ाव जैसी मजबूत इन्क्यूबेशन व्यवस्था विकसित की जाएगी। यह केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों के नवाचारी विचारों और उन्हें सफल व विस्तार योग्य उद्यमों में बदलने के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करेगा।
गौरतलब है कि नाबार्ड देशभर में कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए योग्य संस्थानों को ग्रामीण व्यवसाय इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित करने में सहयोग करता है। एक्सएलआरआइ और नाबार्ड की संयुक्त परिकल्पना है कि XCITE पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में ग्रामीण उद्यमिता का एक उत्कृष्ट केंद्र बनकर उभरेगा और स्थानीय आजीविका तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करेगा।