Jamshedpur News: टेल्को स्थित विद्या भारती चिन्मय विद्यालय परिसर में सोमवार, 22 दिसंबर 2025 को बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए दीक्षांत समारोह स्वस्तिर्भवतु का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय जीवन के स्वर्णिम पलों को स्मरण करते हुए आयोजित इस समारोह में विद्यार्थियों के उज्ज्वल, मूल्यनिष्ठ और कर्तव्यपरायण भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सोनिया सिन्हा तथा सम्मानित अतिथि के रूप में प्रियंका दीक्षित उपस्थित रहीं। समारोह का शुभारंभ ज्ञानदीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना नृत्य के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यालय की प्राचार्या मीना विल्खू ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, श्रमशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
दीक्षांत समारोह के दौरान विभिन्न संकायों एवं श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
चिन्मय गौरव पुरस्कार आयान सिंह को प्रदान किया गया, जिन्होंने पीसीएम में विशिष्टता, कक्षा में प्रथम स्थान एवं राष्ट्रीय स्तर (एनएमएल स्टेज–2) में सहभागिता कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
अंशुमन पुरस्कार पीसीएम में उत्कृष्टता हेतु मुकुल महतो को तथा खेल क्षेत्र में बास्केटबॉल के लिए नीरज कुमार रविदास को प्रदान किया गया।
सुसंस्कृत पुरस्कार प्रथा कुमारी एवं ए. शान्या पाठक को उनके अनुकरणीय संस्कार, अनुशासन और सर्वांगीण व्यक्तित्व के लिए मिला।
एच.वी.टी.एल. शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार एवं एस.एम. खुराना पुरस्कार मानविकी संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पायसम प्रियंका को प्रदान किए गए।
विषयवार उपलब्धियों की बात करें तो पीसीएम संकाय में मुकुल महतो, पियूष बिश्वास, आयुष सिन्हा, स्वाति, प्रीत सिंह, शीतल कुमारी सहित कई विद्यार्थियों ने विषयगत उत्कृष्टता एवं नेतृत्व गुणों का परिचय दिया।
पीसीबी संकाय में आयान अहमद, आंशिका श्रीवास्तव, हर्ष श्रीवास्तव और ए. शान्या पाठक ने श्रेष्ठ प्रदर्शन कर विशिष्टता पुरस्कार प्राप्त किए।
वाणिज्य संकाय में मोहित शर्मा, मेहर आनंद, यश गोयल, अभिषेक डे, नैना गोराई, प्रथा कुमारी, त्रिशा दीक्षित सहित विद्यार्थियों ने अकादमिक उत्कृष्टता के साथ 100 प्रतिशत उपस्थिति और उत्तरदायित्व का उदाहरण प्रस्तुत किया।
मानविकी संकाय में पायसम प्रियंका, आर्यन कुमार, अर्पित सेन और अनुष्का ने उच्च अंक, साहित्यिक योगदान और समग्र विकास से विद्यालय की गरिमा बढ़ाई।
सांस्कृतिक, कला और खेल क्षेत्रों में भी विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कीं। संगीत व कला में मोहित शर्मा (सर्वश्रेष्ठ गायक), अंतिमा कुमारी एवं अबशार अहमद खान (सर्वश्रेष्ठ चित्रकार), तुलिका डे (सर्वश्रेष्ठ गायिका) और उज्ज्वल कुमार झा (सर्वश्रेष्ठ संगतकार–ड्रम) को सम्मानित किया गया।
नृत्य एवं खेल में बगाती कल्याणी (सर्वश्रेष्ठ नृत्यांगना), राजू लोहार (सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी–बालक) तथा अद्विका अनंती (सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी–बालिका, योगासन में राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता) ने विद्यालय का मान बढ़ाया।
इस अवसर पर प्राचार्या मीना विल्खू ने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में संस्कार, संवेदनशीलता और उत्कृष्टता के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘स्वस्तिर्भवतु’ समारोह विद्यार्थियों के उज्ज्वल और मूल्यनिष्ठ भविष्य की मंगलकामना का प्रतीक है।
समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों की आगामी परीक्षाओं और भविष्य के लिए सफलता एवं निरंतर प्रगति की शुभकामनाएँ दीं।