Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-24

Jamshedpur News: नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल के विभिन्न शाखाओं का 30वां वार्षिक संयुक्त खेल महोत्सव आयोजित

Jamshedpur News: बुधवार को नेताजी ग्रुप ऑफ स्कूल्स के अंतर्गत संचालित नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल के दस शाखाओं नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल बारीडीह, पोखारी, हल्दीपोखर, बिरसानगर, गोविंदपुर, कदमा, कीताडीह, राखामाईंस, परसुडीह और मदन मोहन पब्लिक स्कूल आदित्यपुर का 30वां वार्षिक संयुक्त खेल महोत्सव का आयोजन टेल्को स्थित सुमंत मूलगाओंकर स्टेडियम में किया गया. 

इस खेल महोत्सव की अधिकारिक शुरुआत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्वी सिंहभूम जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय और कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के कुलाधिपति, नेताजी ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट, नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवम हॉस्पिटल के अध्यक्ष मदन मोहन सिंह  ने सयुंक्त रूप से गुब्बारे उड़ा कर किया. खेल महोत्सव के दौरान अपने संबोधन वक्तव्य में मदन मोहन सिंह ने कहा कि खेलकूद हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है. हमारे संपूर्ण व्यक्तित्व के निर्माण में खेलकूद की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए शिक्षकों और अभिभावकों को बच्चों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान देना चाहिए जिसके लिए खेलकूद एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियां अत्यंत महत्वपूर्ण हैं.

वहीं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीयूष पांडेय ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. विद्यार्थी जीवन में ही व्यक्ति के भविष्य की नींव तैयार होती है. खेल कूद और शारीरिक गतिविधियां विद्यार्थियों के मानसिक थकान को दूर करने में और उनकी रचनात्मकता को बढा़ने में सहायक सिद्ध होती है.

कार्यक्रम में शामिल नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवम हॉस्पिटल की प्रबंध निदेशक मती विभा सिंह और नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के कुलसचिव नागेंद्र सिंह ने भी खेल महोत्सव में सहभागिता कर रहे प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यार्थियों को संबोधित किया.

इस खेल महोत्सव के दौरान विभिन्न चरणों में कई खेल प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के शुरुआत में  सभी ब्रांच के स्कूल ने परेड कर उम्दा टीम वर्क का प्रदर्शन दिया. विद्यालयों के प्राइमरी वर्ग के विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से ड्रिल के माध्यम से मानव जीवन में शारीरिक गतिविधियों की उपयोगिता का संदेश दिया. इसके पश्चात विभिन्न श्रेणियों में खेल प्रतिस्पधाओं का आयोजन किया गया. खेल महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों के अभिभावक भी बड़ी संख्या में अपने बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए खेल स्थल पर उपस्थित रहे. पूरे दिन चलने वाले इस खेल महोत्सव में विद्यार्थियों का ऊर्जा अपने चरम पर दिखीं. प्रतिस्पर्धा में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के साथ विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों में इस खेल महोत्सव के प्रति गजब का उत्साह देखने को मिला.

इस खेल महोत्सव को संबोधित करते हुए एनएसयू के डिप्टी रजिस्ट्रार और मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी तनवीर आलम ने कहा, "इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों के भीतर नयी ऊर्जा और स्फूर्ति का संचार होता है. विभिन्न प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों के मध्य टीम भावना, रणनीति निर्माण, समय प्रबंधन जैसे जीवनपर्यन्त काम आने वाले कौशलों के विकास में इस तरह के आयोजन अपनी महती भूमिका निभाते हैं. अभी कुछ दिनों पहले ही हमने विश्वविद्यालय परिसर में 12वें वार्षिक कला महोत्सव “एक्सप्लोर 2025” का सफलतापूर्वक आयोजन किया है जिसमें कुल 8000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था. मैं इस सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन और हमारी मार्केटिंग टीम के प्रति आभार व्यक्त करता हूँ."

इस आयोजन को एनएसयू की मुख्य वित्त अधिकारी और एनएसपीएस पोखारी की प्रधानाचार्या वाई ज्योति, एनएसपीएस राखामाईंस की प्रधानाचार्या वाई मांगा लक्ष्मी, एनएसपीएस हल्दीपोखर के प्रधानाचार्य अवधेश शर्मा ने भी संबोधित किया. इस खेल महोत्सव में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों की खेल भावना और खेलों के प्रति बच्चों का रूझान देखते हुए अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा आज वर्त्तमान में तेजी से खेलों को भी आभासीय माध्यमों के जरिये लोकप्रिय किया जा रहा है. ऐसे में हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि हम अपने भविष्य की पीढ़ियों को वास्तविक मिट्टी पर खेलने के लिए प्रेरित करें. मिट्टी पर खेले जाने खेल ही बच्चों को शारीरिक रूप से अधिक मजबूत और मानसिक रूप से अधिक सक्षम बनाते हैं.

कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ. इस आयोजन को सफल बनाने में नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल के  प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. कार्यक्रम के अंत में इस खेल महोत्सव के आयोजन प्रभारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और अपने वक्तव्य में समारोह में आये सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों, पत्रकारों, विद्यार्थियों और खेल प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि विद्यालय एक ऐसा मंच है जहाँ से बच्चों का सर्वागींण विकास आरंभ होता है. विद्यालय में सीखे गए कौशलों के आधार पर ही बच्चे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपने प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर पाने में सक्षम बनते हैं. यह हमारा कर्तव्य है कि हम विद्यार्थियों के जीवन में उनके मार्गदर्शक की भूमिका निभाए और उन्हें उनकी भविष्य की कठिनाइयों का सामना करने के लिए उन्हें सक्षम बनाएं. इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उन्होंने पूरे विद्यालय प्रशासन को धन्यवाद दिया और भविष्य के आयोजनों के लिए शुभकामनाएं दी. ओवरऑल रनर उप का ख़िताब मिला हल्दीपोखर ब्रांच को और ओवरऑल चैंपियनशिप का ख़िताब मिला मदन मोहन पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर ब्रांच को जो नेताजी सुभाष ग्रुप ऑफ़ एजुकेशन का ही अंग है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !