Jamshedpur: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना अंतर्गत पटेलनगर रोड नंबर-4 में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। जहां क्वार्टर संख्या-14 में रहने वाले लाफार्ज कंपनी के ठेकाकर्मी कृष्णा प्रसाद के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकद राशि सहित लगभग तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
यह घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी बुधवार सुबह करीब चार बजे मिली। बताया गया कि कृष्णा प्रसाद अपने परिवार के साथ उसी क्वार्टर में रहते हैं। मंगलवार रात वह अपने भाई योगेंद्र प्रसाद और दोनों परिवारों के सदस्यों के साथ ऊपर की मंजिल पर सो रहे थे।
नकद रुपये और कीमती जेवरात हुए चोरी
इसी दौरान चोरों ने सुनसान माहौल का फायदा उठाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में प्रवेश किया। चोर सीधे नीचे वाली मंजिल में स्थित कृष्णा प्रसाद के हिस्से में पहुंचे और वहां के सभी कमरों की तलाशी ली। अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे नकद रुपये और कीमती जेवरात चुरा लिया।
चोरी का पता उस समय चला जब बुधवार तड़के कृष्णा प्रसाद की पत्नी ऊपर से नीचे आईं। उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनते ही पूरे परिवार को घटना की जानकारी हुई।
पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की
सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
पीड़ित कृष्णा प्रसाद के बयान के आधार पर गोविंदपुर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं उनके भाई योगेंद्र प्रसाद, जो टाटा मोटर्स में ठेकाकर्मी हैं। उन्होंने बताया कि सभी लोग एक साथ सो रहे थे, इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।