Delhi: वीर बाल दिवस के मौके पर शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशभर के 20 होनहार बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया। ये प्रतिभाशाली बच्चे भारत के 18 अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चुने गए हैं। सम्मान पाने वालों में बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं, जो अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से पहचान बना रहे हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने बीते एक वर्ष में हर फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत और विदेशों में क्रिकेट प्रेमियों को प्रभावित किया है। उनकी असाधारण प्रतिभा और निरंतर बेहतरीन खेल को देखते हुए ही उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया। पुरस्कार समारोह में शामिल होने के कारण वैभव इन दिनों दिल्ली में हैं, इसी वजह से वह रांची में आयोजित विजय हजारे ट्रॉफी में मणिपुर के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में बिहार टीम का हिस्सा नहीं बन सके।
हालांकि, इससे पहले विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के अपने पहले ही मैच में वैभव ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ तूफानी पारी खेलते हुए 84 गेंदों पर 190 रन बनाए थे। इस विस्फोटक पारी में उन्होंने 16 चौके और 15 छक्के जड़े थे, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
वैभव के लिए साल 2025 बेहद खास और यादगार रहा है। इस सुनहरे साल की शुरुआत उन्होंने आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार शतक लगाकर की। महज 35 गेंदों में शतक पूरा कर उन्होंने आईपीएल इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम किया। आईपीएल 2025 में खेले गए 7 मुकाबलों में उन्होंने कुल 252 रन बनाए।
इसके अलावा वैभव ने अंडर-19 एशिया कप में भी शतक जड़ा है और यूथ वनडे क्रिकेट में भी अपने बल्ले का दम दिखा चुके हैं।
इस वर्ष प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से दो बच्चों को मरणोपरांत सम्मानित किया गया। इनमें तमिलनाडु की ब्योमा और बिहार के कमलेश कुमार शामिल हैं। दोनों की ओर से यह सम्मान उनके माता-पिता ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से प्राप्त किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि इन सभी बच्चों ने अपने परिवार, समाज और पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने पुरस्कार पाने वाले बच्चों के साथ-साथ उनके माता-पिता और परिवारजनों को भी दिल से बधाई दी।