Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-26

Tata Steel Sports: जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 1 जनवरी से लागू होगा क्यूआर कोड आधारित एंट्री सिस्टम

Jamshedpur: टाटा स्टील के स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट के द्वारा जमशेदपुर स्थित जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक नई और अत्याधुनिक क्यूआर कोड आधारित एंट्री सिस्टम को लागू किया जा रहा है। इस डिजिटल पहल का मुख्य उद्देश्य परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाना, सदस्यों की पहचान की प्रक्रिया को सरल करना तथा यह सुनिश्चित करना है कि केवल अधिकृत और वैध सदस्य ही खेल सुविधाओं का उपयोग कर सकें।

यह नई व्यवस्था 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी और यह प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं, रिक्रिएशनल मेंबर्स तथा पे-एंड-प्ले उपयोगकर्ताओं सहित सभी श्रेणियों के सदस्यों पर समान रूप से लागू होगी। यह कदम देश के प्रतिष्ठित खेल परिसरों में से एक में आगंतुक प्रबंधन को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक अहम प्रयास है।

नई प्रणाली के तहत प्रत्येक सदस्य को एक यूनिक क्यूआर कोड उपलब्ध कराया जाएगा, जो उनकी प्रोफाइल में jrdsportscomplex.in वेबसाइट पर लॉगिन करने के बाद देखा जा सकता है। सदस्य इस क्यूआर कोड को अपने मोबाइल फोन में ब्राउज़र के माध्यम से खोल सकते हैं, उसका स्क्रीनशॉट सुरक्षित रख सकते हैं या चाहें तो उसका प्रिंट निकालकर भी उपयोग कर सकते हैं।

कॉम्प्लेक्स में प्रवेश के समय सदस्यों को मुख्य द्वार या गेट नंबर 8 पर अपना क्यूआर कोड स्कैन कराना अनिवार्य होगा। क्यूआर स्कैनर से लैस सुरक्षा कर्मी रियल-टाइम में सदस्यता की वैधता की जांच करेंगे। इसके अतिरिक्त, भीड़-भाड़ वाले कुछ प्रमुख क्षेत्रों जैसे स्विमिंग पूल, स्टीलियम जिम, बॉडीलाइन जिम और बैडमिंटन ट्रेनिंग सेंटर में प्रवेश से पहले एक अतिरिक्त स्कैन भी किया जाएगा, जिसमें सुरक्षा कर्मी सदस्यों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

सदस्यों से अनुरोध किया गया है कि वह वेबसाइट पर लॉगिन कर यह सुनिश्चित कर लें कि उनका नाम, सदस्यता श्रेणी और फोटो सही तरीके से प्रदर्शित हो रहे हैं। यदि किसी प्रकार की गलती या असमानता पाई जाती है, तो उसकी सूचना office.headsports@tatasteel.com पर ईमेल के माध्यम से दी जा सकती है।

सामान्य सहायता के लिए जेआरडी अकाउंट सेक्शन में स्थित हेल्प डेस्क भी उपलब्ध रहेगा, जो सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 10 बजे से 12 बजे और शाम 4 बजे से 6 बजे तक कार्य करेगा।
सभी सदस्यों को सूचित किया गया है कि किसी भी खेल सुविधा में प्रवेश के लिए हर समय क्यूआर कोड साथ रखना अनिवार्य होगा। सदस्यता की पुष्टि से संबंधित ईमेल को प्रवेश के लिए मान्य दस्तावेज नहीं माना जाएगा। साथ ही वर्तमान में प्रचलित भौतिक सदस्यता कार्ड 31 दिसंबर 2025 तक ही मान्य रहेंगे, इसके बाद उनका उपयोग पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।

अधिक जानकारी और अपडेट के लिए सदस्य https://jrdsportscomplex.in/sign-in पर लॉगिन करें और वहां उपलब्ध नोटिफिकेशन अवश्य देखें।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !