Giridih: गिरिडीह में साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत विशनपुर गांव के आसपास साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। यह कार्रवाई साइबर थाना गिरिडीह की टीम द्वारा त्वरित और सुनियोजित तरीके से की गई।
आरोपी फरार होने में सफल
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी फर्जी लिंक भेजकर और गैस कनेक्शन डिस्कनेक्शन का डर दिखाकर लोगों से ठगी कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर साइबरसाइबर थाना प्रभारी रमेश्वर भगत के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो साइबर अपराधियों को मौके से गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी फरार होने में सफल रहा।
साइबर ठगी करते थे
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद कुमार मंडल उर्फ अजी राज एवं दीपक कुमार मंडल के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे Maharashtra Natural Gas Limited (MNGL) के नाम से फर्जी लिंक भेजकर गैस कनेक्शन बंद होने का झांसा देते थे और लोगों से साइबर ठगी करते थे।
छापेमारी कर रही
इस मामले में साइबर थाना गिरिडीह में कांड संख्या 42/2025, दिनांक 26.12.2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान प्रिंस कुमार मंडल के रूप में की गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 03 मोबाइल फोन, 03 सिम कार्ड एवं 02 मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
नजदीकी पुलिस स्टेशन में सूचना दें
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज से सतर्क रहें और ठगी की आशंका होने पर तुरंत साइबर थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन में सूचना दें।