Gamharia News: शिवनारायणपुर में गम्हरिया के अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार ने सरकारी भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा किए गए जबरन निर्माण को बुलडोजर से तुड़वा दिया है. यह कार्रवाई शनिवार को दोपहर 12:00 बजे से लगभग ढाई घंटे तक चली.
अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार ने खुद मौके पर मौजूद रहकर इस कार्रवाई की निगरानी की. इस दौरान अंचल निरीक्षक के अलावा निर्धारित पदाधिकारी गण एवं पुलिस फोर्स भी मौजूद थी.
अतिक्रमणकारियों को नोटिस और चेतावनी
मौके पर रह रहे लोगों को नोटिस देकर जल्द से जल्द उक्त स्थल खाली करने की चेतावनी दी गई है. अंचल अधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि किसी प्रकार के अतिक्रमण को गम्हरिया अंचल क्षेत्र में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
भूमाफियाओं पर किया जाएगा मामला दर्ज
मौके पर रह रहे लोगों ने बताया कि नीलकमल चौधरी उर्फ घोनू चौधरी एवं रजनी तिवारी द्वारा लाखों रुपए लेकर सरकारी भूमि बेचने की बात कही गई है. अंचल अधिकारी ने बताया कि इन लोगों का नाम सामने आ चुका है और सभी पर मामला दर्ज किया जाएगा.
अभियान जारी रखने का ऐलान
उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि यह अभियान अभी लगातार जारी रहेगा और सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा. अंचल अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि सरकारी भूमि को खरीदने से बचें और भूमाफियाओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएं.