Gamharia News: सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बीरराजपुर रेलवे स्टेशन के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.
सूचना मिलते ही गम्हरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की.
गम्हरिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामचंद्र रजक ने मृतक की पहचान को लेकर उसकी तस्वीर जारी करते हुए आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक को पहचानता हो, तो वह जल्द से जल्द गम्हरिया थाने में संपर्क करें.
आत्महत्या की कोशिश
प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उक्त व्यक्ति ने बीरराजपुर स्टेशन के पास स्थित बरगद के पेड़ पर आत्महत्या का प्रयास किया था. इस दौरान फंदा टूट जाने के कारण वह नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई.
मौके पर पेड़ से टूटा हुआ फंदा लटका हुआ पाया गया है, जबकि फंदे का आधा हिस्सा मृतक के गले में था. पुलिस इसे जांच का महत्वपूर्ण साक्ष्य मान रही है. मृतक के पहनावे का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि उसने सफेद रंग की छींटदार टी-शर्ट के ऊपर धारीदार रंगीन शर्ट पहन रखी थी तथा नीचे हरे रंग का ट्राउजर था. मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं.
कोई पहचान पत्र नहीं मिला
तलाशी के दौरान मृतक के पास से कोई भी पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान में कठिनाई आ रही है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थाना क्षेत्रों में भी पहचान से संबंधित जानकारी साझा की जा रही है.
पुलिस ने नागरिकों से मांगा सहयोग
पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी तरह की सूचना जांच में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है.