राष्ट्रीय सुरक्षा पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा,
"इस साल ऑपरेशन सिंदूर हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बन गया. दुनिया ने साफ देखा कि आज का भारत अपनी सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं करता." उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान देशभर में मातृभूमि के प्रति प्रेम और समर्पण की भावना देखने को मिली.
प्रधानमंत्री ने संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का जिक्र करते हुए कहा, "वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर देशवासियों ने जिस उत्साह से भाग लिया, वह अपने आप में प्रेरणादायक था." उन्होंने बताया कि लोगों ने अपने संदेश और सुझाव साझा किए.
खेल जगत की उपलब्धियों पर पीएम मोदी ने कहा, "2025 खेलों के लिहाज से भी यादगार रहा." उन्होंने पुरुष क्रिकेट टीम की चैंपियंस ट्रॉफी जीत, महिला क्रिकेट टीम की पहली विश्व कप जीत और महिला ब्लाइंड टी20 विश्व कप में भारत की बेटियों की सफलता का जिक्र किया.
विज्ञान और अंतरिक्ष पर बोलते हुए उन्होंने कहा, "शुभांशु शुक्ला का अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचना देश के लिए गर्व का क्षण है." पर्यावरण संरक्षण पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि भारत में चीतों की संख्या 30 से अधिक हो गई है.
युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "मेरे युवा मित्रों की जिज्ञासा का समाधान विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग है." उन्होंने युवाओं से इनोवेशन, स्टार्टअप और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
कार्यक्रम के आखिर में प्रधानमंत्री ने कहा, "आज हम गर्व से कह सकते हैं कि 2025 ने भारत को और अधिक आत्मविश्वास दिया है." उन्होंने विश्वास जताया कि देश 2026 में नए संकल्पों और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा.