Jharkhand Weather Update: झारखंड में रविवार को भी ठंड का प्रकोप बना रहा. राजधानी रांची समेत कई जिलों में सर्द हवाओं ने लोगों को दिनभर परेशान किया. न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह और रात के समय कनकनी बढ़ गई. रांची का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि कांके में पारा गिरकर 2.5 डिग्री तक पहुंच गया. यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान रहा.
सुबह से ही ठंड की मार
राजधानी रांची में रविवार की सुबह ठंड के साथ तेज कनकनी महसूस की गई. खुले इलाकों में सर्द हवा के कारण लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए. ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर ज्यादा देखा गया, जहां तापमान तेजी से नीचे गिरा. रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि सोमवार की सुबह भी राज्य के कई हिस्सों में ठंड की स्थिति बनी रह सकती है. विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक राज्य में कुहासा छाए रहने की संभावना है. हालांकि 24 घंटे बाद कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है.
जिलों में न्यूनतम तापमान की स्थिति
पिछले 24 घंटे में गुमला में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री और लोहरदगा में 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. खूंटी में 4.0, हजारीबाग में 4.6, बोकारो में 6.6, सिमडेगा में 6.8, कोडरमा में 7.7, पाकुड़ में 8.2, लातेहार में 8.4, पश्चिमी सिंहभूम में 8.5, बोकारो के अन्य केंद्र में 8.6 और देवघर में 8.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ. अधिकांश जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है.
इन जिलों में शीतलहर का प्रभाव
हजारीबाग, खूंटी, कोडरमा, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, लातेहार और पलामू जिलों में रविवार को शीतलहर की स्थिति बनी रही. वहीं पूर्वी सिंहभूम में तापमान 10 डिग्री से ऊपर रहा और यहां न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
दिन में भी महसूस हुई ठंड
मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 18.1 और न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. अधिकतम तापमान में आई गिरावट के कारण दोपहर के समय भी ठंड का अहसास बना रहा और लोगों ने गर्म कपड़े पहने रखे.
अगले दिनों में मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के अनुसार 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ का असर राज्य में देखने को मिलेगा. इस दौरान ठंडी हवाओं की रफ्तार कमजोर होगी. इसके चलते अगले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे रात की कनकनी में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.